खंड स्तरीय उ0प्र0 खेल लीग में युवाओं ने दिखाया दमखम, 1500 मीटर दौड़ में सूर्य प्रकाश रहे अव्वल
1 min read
6,786 views
मोहम्मद सुलेमान/ राकेश कुमार सिंह
गोंडा ! इटियाथोक ब्लॉक क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज में युवा कल्याण विभाग द्वारा खंड स्तरीय उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग का आयोजन किया गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्यव्रत ओझा व प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार त्रिगुणायक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। श्री ओझा ने कहा कि छात्रों के लिए खेल काफी महत्वपूर्ण है। खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और छात्र इसमें आगे बढ़कर अपना कैरियर बना सकते है। उन्होंने पढ़ाई के साथ स्वस्थ चित के लिए खेल की अहमियत बताई। क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय विकास दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया की सब जूनियर बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में वहीदुलदीन प्रथम और समसुद्दीन द्वितीय स्थान पर रहे वही 400 मीटर दौड़ जूनियर बालक वर्ग में सूर्य प्रकाश को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार 1500 मीटर दौड़ में जूनियर वर्ग में सूर्य प्रकाश व सीनियर वर्ग में जयप्रकाश यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आठ सौ मीटर दौड़ में बालक जूनियर वर्ग में सूर्य प्रकाश अव्वल रहे। लंबी कूद बालिका वर्ग में लक्ष्मी प्रथम, रितु द्वितीय व नीलम पांडेय तृतीय स्थान पर रही। लंबी कूद बालक वर्ग में राजन तिवारी, सूरज व जयप्रकाश ने क्रमशः प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किए। कबड्डी बालक वर्ग में युवा योद्धा व जनता इंटर कॉलेज के बीच हुए मुकाबले में युवा योद्धा की टीम विजेता रही। वहीं बालिका वर्ग में झांसी की रानी व ज्योतिबा फुले के बीच हुए कबड्डी मुकाबले में झांसी की रानी टीम ने जीत दर्ज की। विभिन्न खेलो के विजेता प्रतिभागियो को युवा कल्याण विभाग द्वारा मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर व्यायाम टीचर विश्वजीत यादव, एडीओ एजी मजहर हुसैन, सतेन्द्र मिश्रा, कमलकांत शुक्ला, बंशीधर तिवारी, अजय राठौर, राहुल ओझा, आलोक मिश्रा, अशोक तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।
