बिजली व रेलवे के निजीकरण के विरुद्ध सीटू ने धरना देकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीआरओ को सौंपा
1 min read
2,318 views
अशफाक आलम
गौरा चौकी गोंडा। प्रदेश कमेटी के आवाहन पर बिजली व रेलवे के निजीकरण के बिरोध में तथा स्थानीय मांगों को लेकर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीआईटीयू) इकाई गोंडा के तत्वाधान में शुक्रवार को गोंडा कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्री के मांगपत्र प्रदेश उपाध्यक्ष कामरेड कौशलेंद्र पांडेय के नेतृत्व में सौंपा गया। सीआरओ महेश प्रकाश को दिए गए मांगपत्र में रेल बिजली सहित अन्य सार्वजनिक उपक्रम सार्वजनिक सेवाओं के निजीकरण पर रोक लगाई जाने, राष्ट्रीय मौद्रिकरण पाइपलाइन को समाप्त किए जाने, बिजली संशोधन अधिनियम 2022 को वापस लेकर सभी को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने, स्मार्ट मीटर योजनाओं सहित बिजली वितरण क्षेत्र में बाजार आधारित सुधारो को रद्द किए जाने, रेलवे बिजली के क्षेत्र में सभी रिक्त पदों पर भर्ती किए जाने , निजीकरण आउटसोर्सिंग ठेकेदारी प्रथा को खत्म किए जाने, सुरक्षा व रखरखाव पर पर्याप्त बजट के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने, सार्वजनिक परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करने के संसाधन जुटाने के लिए अत्यधिक अमीरों पर टैक्स लगाने, कॉरपोरेट टैक्स बढ़ाए जाने, संपत्ति कर को लागू किए जाने, बभनजोत ब्लॉक के ग्राम पंचायत भानपुर में सीसी रोड निर्माण कार्य में की गई अनियमितता की जांच कराए जाने, चुनाव के पूर्व किए गए वादे के अनुसार सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दिए जाने, अनपरा और ओबरा में एनटीपीसी के साथ संयुक्त उपक्रम में 800,800 मेगावाट के दो पावर प्लांट लगाए जाने के निर्णय को रद्द किए जाने तथा यह कारखाना उत्तर प्रदेश राज्य उत्पादन निगम लिमिटेड के पूर्ण स्वामित्व में लगाए जाने की मांग शामिल है।धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीआईटीयू के प्रदेश उपाध्यक्ष कामरेड कौशलेंद्र पांडेय ने कहा की भारत की अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने में सार्वजनिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उदारीकरण निजीकरण और वैश्वीकरण की आर्थिक नीतियों के अपनाने के बाद एक-एक कर सरकार सार्वजनिक क्षेत्रों के बारे में गलत प्रचार कर उन्हे बदनाम करके जनता को गुमराह करके बिजली रेल आदि सभी सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण कर पूंजीपतियों को औने पौने दामों में बेचने का कुत्सित प्रयास कर रही है। गलत प्रचार कर उनको बदनाम किए जाने का प्रयास सरकार द्वारा किया जा रहा है। प्रदर्शन ज्ञापन में मोहर्रम अली, दिलीप शुक्ला, रानीदेवी पाल, विनीत तिवारी, के पी प्रसाद, रेलवे ठेका मज़दूर यूनियन के जिला मंत्री पवन कुमार, लियाफ़ी अध्यक्ष गुरुप्रसाद तिवारी, अमित दूबे, अंबरीस तिवारी, अशोक, दिनेश, ओमप्रकाश आदि शामिल रहे।
