WFI को कोई भंग नहीं कर सकता: बृजभूषण शरण सिंह , जंतर-मंतर पर रेसलर्स का धरना:खाप के अल्टीमेटम को बचे 2 दिन
1 min read
3,144 views
WFI को कोई भंग नहीं कर सकता: बृजभूषण शरण सिंह , जंतर-मंतर पर रेसलर्स का धरना:खाप के अल्टीमेटम को बचे 2 दिन
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर बैठे पहलवानों के धरने का आज 27वां दिन है। खापों द्वारा महापंचायत कर सरकार को दिए गए अल्टीमेटम के अब सिर्फ 2 ही दिन बचे हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसे में 21 मई के बाद इस धरने व आंदोलन को बड़ा रूप दिया जा सकता है।
धरने पर आज कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट खिलाड़ियों से मिलने व उनका समर्थन करने आएंगे।
वहीं, एक यू-ट्यूबर को दिए इंटरव्यू में बृजभूषण शरण सिंह ने खिलाड़ियों को लेकर कई तरह की बातें कही हैं। श्री सिंह ने खिलाड़ियों के मेडल लौटाए जाने की बात पर कड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि मेडल की कीमत तो 15 रुपए हैं। अगर वापस करना ही है तो करोड़ों रुपए का नकद पुरस्कार करें।
उन्होंने कहा कि जो पैसा फेडरेशन, सरकार, जनता ने उन्हें दिया है। गांव-गांव में मान-सम्मान हुआ है। जिसकी कीमत कई करोड़ रुपए है। ये वापस करें, तब मेडल वापस माने जाएंगे। इस खेल के बदौलत नौकरी मिल गई है, मेडल लौटा भी देंगे तो क्या होगा। सारा पैसा ब्याज समेत वापस लौटाए।
इसके साथ बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि WFI को कोई भंग नहीं कर सकता है। यह गलत न्यूज चल रही है। IOA ने चुनाव करवाने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है। जिसमें दो सदस्य IOA के हैं। एक जज का नाम आना है, जोकि अभी आया नहीं है।
साक्षी ने दिया जवाब
पहलवानों के मेडल को 15 रुपए का बताने पर इस पर साक्षी मलिक ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि गुड्डे-गुड़िया से खेलने की उम्र से अखाड़े की मिट्टी को दोस्त बनाया। जिस मेडल को 15 रुपए का बताया, उसके लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया। शर्म की बात है हमारे देश में चैम्पियंस का ये हाल हो रहा है। मैंने ये मेडल देश के लिए जीता है, कोई इसकी कीमत नहीं लगा सकता।
बजरंग पूनिया ने ये दिया जवाब
वहीं बजरंग पूनिया ने कहा कि ये मेडल सालों की मेहनत और करोड़ों देशवासियों की दुआओं की वजह से आया है। जब हम मैदान में उतरते हैं तो देशवासी काम छोड़कर हमारे लिए प्रार्थना करते हैं। हमारे गले में मेडल डलता है तो हर देशवासी का सीना चौड़ा होता है। ये मेरे भारत देश का मेडल है, इसकी कीमत कोई क्या लगाएगा भाई !
बबीता फोगाट ने फिर छेड़ा ट्वीट वार
उधर, भाजपा नेत्री एवं दंगल गर्ल बबीता फोगाट ने फिर से ट्वीट वार छेड़ दिया है। उन्होंने ट्विटर पर 3 ट्वीट किए हैं।
धरने में अब तक
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 18 जनवरी 2023 को विनेश फोगाट, साक्षी मलिक के साथ बजरंग पूनिया ने धरना देना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कई महिला पहलवानों का यौन शोषण किया है। विनेश ने आरोप लगाया कि बृजभूषण होटल के उसी फ्लोर पर रुकते थे, जहां महिला पहलवान ठहरती थीं।
विवाद बढ़ने के बाद खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से पहलवानों की मुलाकात हुई और 21 जनवरी को धरना खत्म हो गया। भरोसा मिला कि चार हफ्ते के अंदर कमेटी की जांच रिपोर्ट आएगी, तब तक बृजभूषण सिंह के अधिकार छीने जाते हैं। जांच की मियाद को दो हफ्ते बढ़ाया गया। लेकिन यह रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है।
इसके बाद पहलवान एक बार फिर 23 अप्रैल को जंतर-मंतर पर धरना देने पहुंच गए। उन्होंने कहा कि हमें इंसाफ नहीं मिला है और जब तक बृजभूषण की गिरफ्तारी नहीं होती है धरना जारी रहेगा।
पहलवानों की ओर से सुप्रीम कोर्ट में भी अपील की गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। 28 अप्रैल को दिल्ली पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की है। एक एफआईआर नाबालिग पहलवान के यौन उत्पीड़न की जिसमें पॉक्सो ऐक्ट भी लगा है। दूसरी एफआईआर वयस्क महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के संबंध में है।
3 मई की रात को पहलवानों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई है। झड़प में पहलवान राकेश यादव और विनेश फोगाट के भाई दुष्यंत को चोटें आई हैं। वहीं दिल्ली पुलिस का कहना है कि रेसलर पर बल प्रयोग नहीं किया गया, 5 पुलिसवाले घायल हुए हैं।
7 मई को जंतर-मंतर पर खापों की महापंचायत हुई। इस महापंचायत में बृजभूषण की गिरफ्तारी के लिए सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि हल न निकलने पर 21 मई को फिर महापंचायत होगी, जिसमें बड़े से बड़ा निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेंगे।
दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह के भी बयान दर्ज कर लिए हैं। वहीं जनवरी में महिला बॉक्सर और राज्यसभा सदस्य मैरी कॉम की अध्यक्षता में बनाई गई ओवरसाइट कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।
बृजभूषण शरण सिंह पर पहली बार जब आरोप लगा तो उन्होंने कहा कि अगर आरोप सही पाए गए तो वह फांसी पर लटकने को तैयार हैं। बृजभूषण ने कहा है कि वह इस्तीफा नहीं देंगे, क्योंकि एक अपराधी की तरह त्यागपत्र देने के लिए वह तैयार नहीं हैं।
श्री सिंह ने यह भी कहा है कि 12 साल तक यह पहलवान क्यों नहीं कुछ बोले? बीजेपी सांसद ने सफाई में कहा है कि आरोपों के पक्ष में इन पहलवानों के पास अगर कोई ऑडियो या वीडियो सबूत हो तो उसे पेश करें। श्री सिंह ने कहा है कि दीपेंद्र हुड्डा और बजरंग पुनिया ने साजिश रची है और इसे साबित करने के लिए उनके पास एक ऑडियो है ।
रेसलर्स विवाद में जांच कमेटी ने मांगे सबूत: ऑडियो-वीडियो प्रूफ देने को कहा; कमेटी सदस्य ने कहा- बृजभूषण शरण सिंह पिता सामान, उनका व्यवहार मासूमियत भरा
भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे देश के शीर्ष पहलवानों का आज 24वां दिन है। महिला पहलवानों के भाजपा सांसद और कुश्ती महासंघ प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दर्ज किए गए छेड़छाड़ के आरोपों की जांच कर रही कमेटी पर शिकायतकर्ता 3 महिला पहलवानों ने अपनी चिंताएं व्यक्त की है । पहलवानों ने सुप्रीम कोर्ट जाने के बाद मुकदमा दर्ज हो जाने के पश्चात भी अपना धरना प्रदर्शन बंद नहीं किया तथा उसका राजनीतिक करण करने पर तुले हुए हैं जिसे कहीं ना कहीं तो इसमें शक पैदा कर रहा है कि कहीं वास्तव में तो नहीं यह श्री सिंह द्वारा दूरदराज गांव के बच्चों को निखार कर कुश्ती के लिए तैयार कर रहे हैं जिससे धरना दे रहे पहलवानों का भविष्य सुरक्षित दिखाई नहीं पड़ रहा है । शायद यही कारण है कि उनके गिरफ्तारी के मांग पर सब अड़े हुए हैं ।
