दैनिक यात्रियों और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए इंटरसिटी ठहराव की उठी मांग; शुक्रवार की बैठक में जीएम के सामने रखा जाएगा मुद्दा गोंडा।बनगाई रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और ट्रेनों के संचालन को लेकर छात्र-छात्राओं ने अपनी आवाज बुलंद की है। गोंडा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर छात्र नेता अंकित शुक्ला के नेतृत्व में पहुंचे छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति (ZRUKK) के सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव को जनहित से जुड़ा एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने बनगाई रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन का नियमित ठहराव किए जाने और स्थानीय सवारी गाड़ियों की समय-सारिणी में जनहित को ध्यान में रखते हुए बदलाव की प्रमुख मांग रखी।
दैनिक यात्रियों को हो रही भारी असुविधा
छात्रों ने अवगत कराया कि बनगाई रेलवे स्टेशन क्षेत्रीय आवागमन का एक अहम केंद्र है। यहां से प्रतिदिन भारी संख्या में किसान, व्यापारी, अधिवक्ता, नौकरीपेशा लोग और दूर-दराज पढ़ने जाने वाले छात्र-छात्राएं यात्रा करते हैं। सवारी गाड़ियों के अनुकूल समय पर न होने और महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव न मिलने से दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। छात्रों का कहना है कि इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव और समय में संशोधन से हजारों लोगों का दैनिक सफर सुगम हो सकेगा।
जीएम के समक्ष उठेगा मामला
ज्ञापन लेने के उपरांत जेडआरयूसीसी सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव ने छात्रों की मांगों को जायज ठहराते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक (GM) के साथ होने वाली बैठक में बनगाई रेलवे स्टेशन से जुड़ी इन सभी समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा और त्वरित निस्तारण का प्रयास होगा।
इस दौरान भाजपा नेता उमेश श्रीवास्तव, अमित वर्मा, दानिश अली सहित कई छात्र और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।