रक्षाबंधन पर बहनों ने बांधी भाइयों की कलाई पर राखी, लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की मांगी दुआएं
1 min read
168,767 views
गोंडा। भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन जिले भर में हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही घरों में उत्सवी माहौल देखने को मिला, जहां बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तिलक लगाकर की मंगलकामना की ।
पर्व के अवसर पर बहनों ने विधि-विधान से पूजा की थाली सजाकर भाइयों को रोली-चंदन का तिलक लगाया, आरती उतारी और कलाई पर रंग-बिरंगी राखियां बांधीं। इसके बाद मिठाई खिलाकर भाइयों के सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की दुआएं मांगीं। वहीं, भाइयों ने भी बहनों को जीवन भर सुरक्षा, मान-सम्मान और सहयोग का वचन देते हुए उपहार भेंट किए।
बाजारों और घरों में रही रौनक
रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही बाजारों में खासी चहल-पहल देखी गई। मिठाई की दुकानों और उपहार प्रतिष्ठानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से आने-जाने वाली बहनों और भाइयों के कारण सड़कों व परिवहन साधनों में भी दिनभर भारी आवाजाही रही। घर-परिवारों में मिष्ठान और पकवानों के साथ उत्सव की खुशियां साझा की गईं, जिससे हर ओर उल्लास का वातावरण बना रहा।
