नवाबगंज में नवागत शाखा प्रबंधक का भव्य स्वागत, व्यापारियों ने बेहतर बैंकिंग सेवाओं का दिया सुझाव
1 min read
50,329 views
नवाबगंज (गोंडा): उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नवाबगंज इकाई द्वारा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के नवागत शाखा प्रबंधक शरद कुमार पाल के पदभार ग्रहण करने पर एक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।
व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष सरदार देवेंद्र सिंह सचदेवा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवागत शाखा प्रबंधक शरद कुमार पाल को बुके भेंट किया तथा शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सचदेवा ने शाखा प्रबंधक को स्वागत पत्र सौंपा और कहा कि बैंक प्रशासन खाताधारक व्यापारियों एवं दुकानदारों के साथ मधुर संबंध स्थापित करे। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की व्यापारिक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के सरल व सहज क्रियान्वयन की अपेक्षा जताते हुए कहा कि बैंक परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनना चाहिए। अध्यक्ष ने विश्वास दिलाया कि व्यापार प्रतिनिधि मंडल बैंक प्रशासन को हर संभव सकारात्मक सहयोग प्रदान करता रहेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए महामंत्री रघुवीर प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गेश कुमार सर्राफ एवं उपाध्यक्ष बिहारी लाल पांडेय ने भी नवागत शाखा प्रबंधक को शुभकामनाएं दीं और व्यापारी हितों से जुड़ी अपेक्षाएं साझा कीं।
अपने संबोधन में नवागत शाखा प्रबंधक शरद कुमार पाल ने व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों व दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के लिए बैंक सदैव तत्पर रहेगा। समय-समय पर व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। इस सम्मान समारोह में संगठन के उपाध्यक्ष सरदार मनदीप सिंह सचदेवा, मंत्री अम्बरीष कुमार कसौधन के साथ ही बैंक परिवार से खजांची श्री वर्मा, फील्ड अफसर अंजली, सहायक फील्ड अफसर कुमारी काजल और लिपिक राम सुभावन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
