हॉस्पिटल संचालक समेत छह लोगों पर लाठी-डंडों से हमला , मुकदमा दर्ज
1 min read
111,872 views
हॉस्पिटल संचालक समेत छह लोगों पर लाठी-डंडों से हमला।
पथराव से हास्पिटल के शीशे हुए चकनाचूर।
नवाबगंज (गोंडा) कस्बे में स्थित एक निजी अस्पताल के सामने टीन शेड लगाने को लेकर हुए विवाद में अस्पताल संचालक समेत छह लोगों पर लाठी-डंडों और सरियों से किया हमला । पीड़ित ने दो नामजद तथा सात अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर। थाना क्षेत्र के तुलसीपुर माझा निवासी अस्पताल संचालक मनोज कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कस्बे में देव मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल संचालित कर रखा है। बताया कि अस्पताल परिसर के बेसमेंट में दुकान चलाने वाला रिजवान अस्पताल के सामने पीडब्ल्यूडी की जमीन पर टीन शेड लगा रहा था, जिससे अस्पताल में आने-जाने वाले मरीजों को परेशानी होने के साथ अस्पताल की दृश्यता भी प्रभावित हो रही थी। बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे जब उन्होंने टीन शेड लगाने का विरोध किया तो रिजवान, असद और उनके साथ आए छह-सात अन्य लोग लाठी-डंडा व सरिया लेकर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए अस्पताल संचालक, उनके चचेरे भाई हर्षवर्धन सिंह, डॉक्टर प्रदीप सिंह, चाचा रामबहादुर सिंह, देवशरण सिंह तथा मरीज रोहित पर हमला कर दिया।मारपीट में हर्षवर्धन सिंह के सिर में गंभीर चोट आने से उनका सिर फट गया, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। इस दौरान आरोपियों और उसके साथियों ने अस्पताल पर जमकर पत्थरबाजी भी की जिससे अस्पताल के वेटिंग एरिया और मेडिकल स्टोर में लगे शीशे चकनाचूर हो गये जिससे मरीजों और अस्पताल कर्मियों में हडकंप मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर बीच-बचाव कराया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी रही।
वहीं मारपीट और पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही तरबगंज एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह,सीओ डॉ यूपी सिंह मौके पर पंहुचे। वहीं उच्च अधिकारियों के निर्देश पर तरबगंज थाना अध्यक्ष श्रीधर पाठक भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पंहुच गये। एसडीएम, सीओ, राजस्व अधिकारियों एंव नगरपालिका कर्मियों की मौजूदगी में अस्पताल के सामने और आस-पास सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से हटाया गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
