नवाबगंज में सांसद खेल स्पर्धा का रोमांचक दिन: कबड्डी और रस्साकसी में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, प्रतिभाओं को मिला सम्मान
1 min read
61,039 views
संजय प्रजापति
नवाबगंज गोण्डा नवाबगंज स्थित नंदिनी नगर महाविद्यालय का विशाल खेल मैदान शुक्रवार को युवा जोश, उत्साह और खेल भावना का साक्षी बना। अवसर था सांसद खेल स्पर्धा के दूसरे दिन का, जहाँ नवाबगंज और वजीरगंज ब्लॉक के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों ने कबड्डी, रस्साकसी और वॉलीबॉल में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में खिलाड़ियों का दमखम और दर्शकों का शोर, एक रोमांचक माहौल बना रहा था।
पूर्व सांसद ने बढ़ाया खिलाड़ियों का मनोबल
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री बृजभूषण शरण सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और उनका हौसला बढ़ाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, “खेल में हार-जीत तो लगी रहती है, लेकिन जो चीज एक खिलाड़ी को महान बनाती है, वह है उसकी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष करने की अटूट भावना। मुझे विश्वास है कि हमारे गांवों में छिपी ये प्रतिभाएं ही कल प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।”
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया विजेताओं को सम्मानित
दिन भर चले कड़े मुकाबलों के बाद विजेता खिलाड़ियों को कैसरगंज के सांसद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। श्री सिंह ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “खेल हमें केवल शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाते, बल्कि यह हमारे भीतर आत्मविश्वास, टीम भावना और अनुशासन जैसे अमूल्य गुणों का भी विकास करते हैं।”
प्रतियोगिताओं के रोमांचक परिणाम
कबड्डी: मुकाबलों में दर्शकों को कांटे की टक्कर देखने को मिली। नवाबगंज ब्लॉक के जूनियर बालिका वर्ग के फाइनल में नंदिनी नगर की सोनी की टीम ने चंदापुर की विद्योतमा की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, सीनियर बालिका वर्ग में नसरीन की टीम ने गोनार्द की नेहा की टीम को मात दी। वजीरगंज ब्लॉक के जूनियर बालक वर्ग में शक्ती सिंह की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की, जबकि जूनियर बालिका वर्ग में डीएवी की टीम ने परचम लहराया।
रस्साकसी: सबसे अधिक रोमांच रस्साकसी के मुकाबले में देखने को मिला, जहाँ नंदिनी के पहलवानों ने जोर-आजमाइश में नंदिनी नगर हॉस्टल की टीम को पराजित कर दिया।
वॉलीबॉल: वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भी कड़ा संघर्ष हुआ, जिसमें दर्जी कुंआ के दिव्यांशु सिंह की टीम ने वजीरगंज के शिवा सिंह की टीम को हराकर जीत दर्ज की।

गणमान्य हस्तियों की रही उपस्थिति
इस खेल आयोजन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुमित भूषण सिंह, नंदिनी नगर महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सत्येन्द्र सिंह, प्राचार्य डॉ. बीएल सिंह, प्रशासक राम कृपाल सिंह, जेडी सिंह, नवीन सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
