घंटाघर और तिकोना पार्क में ‘जाम’ का पहरा, अवैध टैक्सी स्टैंड से राहगीर बेहाल”
1 min read
25,242 views
एडवोकेट संजय प्रजापति
नवाबगंज (गोंडा) | एक ओर जहां नगर पालिका परिषद नवाबगंज द्वारा शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए बुलडोजर चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के मुख्य केंद्रों— घंटाघर और तिकोना पार्क— ने अब ‘अवैध टैक्सी स्टैंड’ का रूप ले लिया है। आलम यह है कि पालिका की सौंदर्यीकरण की मुहिम पर दबंग वाहन चालक पानी फेर रहे हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने हाल ही में ऐतिहासिक घंटाघर का रंग-रोगन कराकर इसे एक नया और भव्य रूप देने का प्रयास किया था। लेकिन टैक्सी चालकों ने यहाँ अपने वाहन खड़े कर इसे स्टैंड बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति बिल्कुल “चांद में दाग” जैसी है, जहाँ एक सुंदर विरासत के चारों ओर वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। वही
जाम से जनता त्रस्त तिकोना पार्क से तरबगंज जाने वाले मार्ग की स्थिति सबसे अधिक दयनीय है। यहाँ वाहन चालक इस कदर बेतरतीब ढंग से गाड़ियाँ खड़ी करते हैं कि पैदल चलना भी दूभर हो गया है। आए दिन लगने वाले लंबे जाम के कारण स्कूली बच्चों और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। जब इस समस्या के संदर्भ में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) सर्वेश शुक्ला से वार्ता की गई, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि— “घंटाघर और तिकोना पार्क के पास अवैध पार्किंग की शिकायत मिली है। जल्द ही सघन अभियान चलाकर इन टैक्सी स्टैंडों को हटाया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
