नवाबगंज (गोन्डा) युगनव टाइम्स लाइव / प्रिय सम्मानित प्रदेश वासियों, जैसा कि आपको विदित है कि हमारे प्रिय एवं हरदिल अज़ीज़ नेता सांसद व भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष *बृजभूषण शरण सिंह* के विरुद्ध एक षड़यंत्र के तहत हरियाणा की चंद तथाकथित महिला पहलवानों द्वारा दिल्ली में यौन शोषण की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।इस षड़यंत्र की संरचना बीते जनवरी माह से ही कथित विरोधियों द्वारा उक्त महिला पहलवानों के माध्यम से जंतर-मंतर में धरना प्रदर्शन कर रची जा रही थी। उल्लेखनीय है कि बृजभूषण शरण सिंह की राजनीतिक यात्रा भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य माननीय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी के नेतृत्व में प्रारंभ हुई श्री राम जन्म भूमि आंदोलन से हुई।जिसमें बृजभूषण शरण सिंह बाबरी मस्जिद विध्वंस के आरोपी बनाए गए थे और बाद में बाइज्जत बरी भी हो गए थे। सनातन धर्म के पुरोधा एवं अयोध्या सहित देश भर के धार्मिक गुरूओं तथा महात्माओं के आशीर्वाद से फलित बृजभूषण शरण सिंह ने इसके बाद से कभी पीछे मुड़ कर नही देखा। विद्यार्थी जीवनकाल में साकेत महाविद्यालय,अयोध्या के छात्र संघ चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कराने के बाद से अब तक लगातार छह बार सांसद रहे बृजभूषण शरण सिंह को 2012 से भारतीय कुश्ती संघ की कमान सौंपी गई। बचपन में गांव और जवानी में गोरखपुर,अयोध्या धाम सहित अनेक नामी-गिरामी अखाड़ों में सैकड़ों पहलवानों को धूल चटा चुके बृजभूषण शरण सिंह के नेतृत्व में इलाकाई कुश्ती को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली। देसी कुश्ती को अति आधुनिक तकनीक से लैस कर कुश्ती को वैश्विक स्तर पर भारत की पुख्ता पहचान बनाई। इनके कार्यकाल में राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले जा रहे तमाम प्रतिस्पर्धाओं में भारतीय पहलवानों ने अनेक मैडल जीत कर विश्व पटल पर सुर्खियां पाई हैं। बृजभूषण शरण सिंह अपनी राजनीतिक एवं रणनीतिक कुशलता से क्षेत्र,जिला, मंडल और प्रदेश स्तर तक शैक्षणिक, स्वास्थ्य,पर्यावरण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता का लगातार सकारात्मक अभियान चला रहे हैं।उन्होंने अपनी अथक मेहनत और फितरत के बल पर स्थानीय लोगों की मदद से पूर्वांचल में सत्तर से अधिक स्कूल, कालेज एवं विभिन्न विषयों के इदारे स्थापित कर देवीपाटन मंडल के पिछड़े इलाकों में शिक्षा की अलख जगाई है। ….. बृजभूषण शरण सिंह अपनी बेबाकी और शौर्य के लिए जाने जाते हैं। बृजभूषण शरण सिंह को अपनी सामाजिक एवं राजनीतिक यात्रा में अनेक विरोधों, रूकावटों,समस्याओं तथा झंझावातों का भी सामना भी करना पड़ा है। ईश्वर की अनुकम्पा और आशीर्वाद से श्री सिंह ने हर बार और अधिक चमक एवं हनक से साथ अपनी स्वीकार्यता का लोहा मनवाया है। हम सब का मानना है कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता,वर्चस्व की कामना, क्षेत्रवाद एवं भ्रष्टाचार का विरोध करने वाले बृजभूषण शरण सिंह की छवि दागदार करने की सोची-समझी साज़िश रची जा रही है।जिसमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर मैडल प्राप्त महिला पहलवानों को मोहरा बनाया जा रहा है। इलाके के वरिष्ठ समाजसेवी एवं बृजभूषण शरण सिंह के बाल सखा मोहम्मद इसहाक रैनी एडवोकेट ने कहा कि नेता जी कोहेनूर हीरे की तरह विशुद्ध तथा चमकदार हैं। उन्होंने बताया कि जिस शख्स के विद्यालयों में चालीस हजार से अधिक छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रही हों, हजारों की संख्या में महिला शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी कार्यरत हों, ऐसे देवतुल्य इंसान पर चरित्र पतन का आरोप कतई ना काबिले यकीन है। नेता जी सदा से महिलाओं की सुरक्षा एवं रक्षा के लिए सिंबल के रूप में जाने जाते हैं। उधर बृजभूषण शरण सिंह के करीबी एवं विद्यार्थी जीवन से जुड़े नगवा के ग्राम प्रधान बाबू इंद्रजीत सिंह ने रोष में अपने गुस्से का इजहार करते हुए कहा कि पोतों और नातियों के दादा-नाना 67 वर्षीय नेता जी पर इस उम्र में चारित्रिक दोष लगाने से पहले कथित महिला पहलवानों को हजार बार सोचना चाहिए।एक भरे-पूरे परिवार के मुखिया और देश भर के हजारों पहलवानों को बेहतरीन एवं आधुनिक साधन-संसाधन मुहैय्या करा कर वैश्विक स्तर पर पहचान दिलवाई और भारत का लाड़ला बनाया,उसका चारित्रिक हनन किसके इशारे पर किया जा रहा है।यह विचारणीय विषय है। अंत में अपनी बात समाप्त करते हुए कहना है कि नेता बृजभूषण शरण सिंह हमारे प्रदेश की आन-बान-शान हैं। बृजभूषण शरण सिंह का अपमान प्रदेश का अपमान है। बृजभूषण शरण सिंह का अवसान प्रदेश का अवसान है। प्रदेश वासियों से अपील है कि आपसी शिकायतों को भुला कर अपने प्रदेश की शान हरदिल अज़ीज़ नेता बृजभूषण शरण सिंह के कंधे से कंधा मिलाकर इस बेबुनियाद एवं मिथ्या प्रचार एवं आरोपों के विरुद्ध एक जुट होकर अपना विरोध दर्ज करायें। अपने नेता का घर से लेकर दिल्ली तक साथ दें।आज का यह संक्रमणीय समय समस्त प्रदेश वासियों के लिए परीक्षा की घड़ी है। आइए एकजुट होकर मुकाबला करें। धन्यवाद। *जय हिन्द-जय उत्तर प्रदेश*