ग्राम प्रधानों के कार्यकाल समाप्ति के बाद पंचायत परिसंपत्तियों के संरक्षण के निर्देश
1 min read11,504 views
प्रतापगढ़।ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद पंचायत स्तर पर उपलब्ध सरकारी परिसंपत्तियों के संरक्षण को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी, प्रतापगढ़ द्वारा सभी सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।जारी आदेश में कहा गया है कि ग्राम प्रधानों के कार्यकाल समाप्ति के उपरांत पंचायत की सभी चल-अचल परिसंपत्तियां ग्राम पंचायत स्तर पर ही जमा कराई जाएं। इसके अंतर्गत पंचायत में उपलब्ध अलमारी, मेज, कुर्सी-बेंच, कंप्यूटर, प्रिंटर, सीपीयू, सीसीटीवी कैमरा, हार्डडिस्क, कैमरा, दर्री, चटाई, मग, पंखा, कूलर, एक्सटेंशन बोर्ड, पुस्तकें, ठेला और कूड़ा गाड़ी सहित अन्य सामग्री का विवरण सुरक्षित रखा जाए।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित ग्राम सचिवों को निर्देशित किया जाए कि वे पंचायत की समस्त परिसंपत्तियों को अपने अभिरक्षा में लेते हुए प्रधान पद समाप्ति के बाद उन्हें सुरक्षित रूप से पंचायत कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे पंचायत कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान न उत्पन्न हो।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने इस आदेश को अत्यंत प्राथमिकता पर लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसकी प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारियों तथा संबंधित ग्राम सचिवों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।
