क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 75वां गणतंत्र दिवस, निकाली गई राम शोभा यात्रा*
1 min read
3,983 views
रिपोर्ट सुशील कुमार द्विवेदी
इटियाथोक, गोण्डा। जिले सहित क्षेत्र में 75वे गणतंत्र दिवस पर कोतवाली, विकासखंड कार्यालय, सरकारी व अर्ध सरकारी कार्यालय, स्कूलों व पंचायत भवनों में जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज फहराकर तिरंगे झंडे को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों द्वारा मौजूद लोगों के बीच में मिस्ठान का वितरण कराकर सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर क्षेत्र के करुवापारा, कर्मडीहकला, जानकी नगर, संझवल, लक्ष्मणपुर लालनगर, विश्रामपुर सहित अन्य परिषदीय विद्यालयों में प्रभात फेरी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें स्कूली बच्चों ने प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुक्त कर दिया। इसी क्रम मे कस्बे के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की तरफ से भव्य प्रभात फेरी/शोभा यात्रा गाजे बाजे के साथ निकाली गई। कॉलेज प्रांगण से शुरू हुई शोभा यात्रा हनुमान मंदिर चौराहा होते हुए विसुही नदी से वापस विद्यालय प्रांगण में आकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में राम दरबार, शबरी माता, वानर सेना व रामभक्तों की दिव्य झांकी सजाई गई। झांकी के पीछे डीजे की धुन पर भगवा वस्त्र पहने हुए विद्यालय के छात्र एवं छात्राएं भक्ति गीतों पर झूम रहे थे। प्रभात फेरी में शामिल विद्यालय के लगभग चार हजार बच्चों की डेढ़ किलोमीटर लंबी लाइन व प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। सड़क किनारे खड़े हजारों लोग इस दिव्य और भव्य झांकी को मोबाइल कमरे में कैद करते नजर आये। सुरक्षा व्यवस्था में भारी संख्या में स्थानीय पुलिस तैनात रही। शोभा यात्रा में देशभक्ति के साथ ही रामभक्ति का मनमोहक नजारा देखने को मिला। शोभायात्रा में प्रबंधक सुरेश नारायण पांडेय, प्रधानाचार्य विनोद कुमार, कीर्ति प्रकाश तिवारी, राजेश द्विवेदी, अखिलेश चतुर्वेदी सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।
