खालिस्तानी आतंकी ने दी राममंदिर उड़ाने की धमकी
1 min read
5,018 views
स्कंद दास
16 व 17 नवम्बर को राम मंदिर में हिंसा करने की भी दी धमकी
अयोध्या । राम मंदिर को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। खालिस्तानी आतंकी और सिख फॉर जस्टिस चीफ गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो जारी कर यह धमकी दी है। उसने दी गई धमकी में 16 व 17 नवंबर को राम मंदिर में हिंसा होने, हिंदुत्व विचारधारा की स्थली अयोध्या को हिला देने की चेतावनी दी है।
पन्नू की ओर से दी गई धमकी के बाद राम मंदिर की सुरक्षा ओर सख्त कर दी गई है। राम मंदिर की सुरक्षा मे लगे अधिकारियों के अनुसार पूरे परिसर की सुरक्षा अभेद्य है। खालिस्तानी आतंकी पन्नू की ओर से जारी वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर में पूजा करते भी दिख रहे हैं। धमकी के बाद श्रीराम जन्मभूमि परिसर हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता कर दिया है।
क्या कहा आईजी अयोध्या रेंज
आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि आतंकी पन्नू की ओर से वीडियो के माध्यम से धमकी की जानकारी मिली है। इस तरह के बयान पहले भी जारी किए गए हैं। हम सुरक्षा व्यवस्था की फिर से समीक्षा कर रहे हैं। वैसे भी रामजन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा पहले से अभेद्य है। वहाँ परिन्दा भी पर नहीं मार सकता है।
एसपी रामजन्मभूमि सुरक्षा ने कहा
एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने एटीएस के जवानों व पुलिस बल के साथ श्रीराम जन्मभूमि के दर्शन पथ समेत पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को परखा। उन्होंने कहा कि परिसर की सुरक्षा पहले से ही अभेद्य है, 24 घंटे निगरानी की जाती है।
क्या कहते हैं सीओ अयोध्या
सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि वीडियो जारी होने का मामला संज्ञान में है। अयोध्या व श्रीराम जन्मभूमि की सुरक्षा सख्त है। अलर्ट घोषित कर दिया गया है। वहीं आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि आतंकी पन्नू की ओर से वीडियो के माध्यम से धमकी की जानकारी मिली है। इस तरह के बयान पहले भी जारी किए गए हैं। हम सुरक्षा व्यवस्था की फिर से समीक्षा कर रहे हैं।
पहले भी मिल चुकी हैं रामजन्मभूमि मंदिर उड़ाने की धमकी
इससे पूर्व 22 अगस्त 2024 में भी धमकी दी गई थी। श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के हेल्प डेस्क मोबाइल नंबर पर वाट्सएप के जरिए यह धमकी दी गई थी। लिखा था कि मंदिर को बहुत जल्द नष्ट कर देंगे। यहां मस्जिद बनाएंगे। इस धमकी के बाद यूपी एटीएस ने 14 सितंबर को बिहार के भागलपुर से आरोपी मोहम्मद मकसूद को गिरफ्तार कर लिया था।
इसी प्रकार इसी साल 28 मई को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर धमकी भरी पोस्ट सामने आई थी। इसके बाद 112 नंबर पर कॉल कर मंदिर को उड़ाने की धमकी दी गई थी। बाद में कुशीनगर के बलुआ तकिया के रहने वाले 16 साल के एक किशोर को हिरासत में लिया गया था। जांच में पता चला था कि उसकी मानसिक हालत खराब है। बार बार सिरफिरे इसी प्रकार धमकियाँ देते रहे हैं। किन्तु प्रशासन हर बार धमकियों को गंभीरता से लेता रहा है। इस बार तारीख भी घोषित करने के कारण प्रशासन और अधिक चौकन्ना हो गया है।
