स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई नामांकन जागरूकता रैली
1 min read
7,863 views
रिपोर्ट सुशील कुमार द्विवेदी
इटियाथोक, गोण्डा। शिक्षा क्षेत्र के भीखम पुरवा प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के तहत नामांकन जागरूकता रैली विद्यालय के नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा निकाली गई। रैली को बीईओ उपेंद्र तिवारी, बीडीओ अभय सिंह व प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के मैनेजर मनीष पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर विद्यालय परिसर से रवाना किया। जागरूकता रथ स्कूली बच्चों के साथ गांव में घर-घर जाकर शिक्षा की अलख जगाएगा और अभिभावकों व बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बच्चों के नवीन नामांकन एवं सत प्रतिशत उपस्थिति के लिए अभिभावकों को प्रेरित करेगा। रैली में शामिल रथ जहां एलाउंसमेंट के जरिए लोगों को प्राथमिक विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, उपलब्धियों व शासन प्रशासन द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दे रहा था वही रथ के पीछे हाथों में विभिन्न स्लोगनों की तख्तियां लेकर चल रहे नन्हे मुन्ने बच्चे नवीन नामांकन व पंजीकृत बच्चों के सत प्रतिशत उपस्थिति के लिए अभिभावकों को जागरुक कर रहे थे। खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र तिवारी ने उपस्थित बच्चों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का अधिकार कानून के तहत 1 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों को निशुल्क शिक्षा का अधिकार प्राप्त है। हम सभी शिक्षकों का कर्तव्य है कि क्षेत्र का एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए आज नवीन नामांकन रथ रैली निकल गई है। जो घर-घर जाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करेगी। बीडीओ अभय सिंह ने कहां की प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में नामांकन के लिए ऐसे आयोजन होते देखा है लेकिन सरकारी स्कूलों में यह पहली बार देखने को मिला है। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के मैनेजर मनीष पांडेय ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक व शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यो की सराहना व बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। श्री पांडेय ने बच्चों की मेधा शक्ति व विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं से प्रभावित होकर सभी नामांकित बच्चों को सप्रेम स्कूल बैग भेंट करनें का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुभाष शुक्ला ने किया। प्रधानाध्यापक मनोज मिश्रा ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का माल्यार्पण व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में, शिक्षक राकेश यादव, सुभाष विश्वकर्मा, देवेंद्र पाल दुबे तमाम शिक्षक व क्षेत्र के संभ्रांत के लोग मौजूद रहे।
