सरकारी जमीन समेत रास्ते पर दबंगों ने किया कब्जा, पीड़ित ने सीएम पोर्टल व डीएम से की शिकायत सुशील कुमार द्विवेदी
1 min read
3,138 views
सुशील कुमार द्विवेदी
इटियाथोक, गोण्डा। थाना क्षेत्र के रमवापुर पंचायत निवासी व्यक्ति के सहन दरवाजे पर मौजूद सरकारी भूमि व आम रास्ते को दबंगों ने जबरन कब्जा कर लिया है। पीड़ित नें स्थानीय पुलिस व जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर सरकारी भूमि सहित आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करने की गुहार लगाई है। ताजा मामला इटियाथोक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रमवापुर नायक के मजरा कुर्मिन पुरवा से जुड़ा हुआ है। गांव निवासी जनक राम वर्मा पुत्र रघुनंदन वर्मा ने बताया कि कुर्मिन पुरवा गांव स्थित गाटे की जमीन में उसका पुश्तैनी मकान बना हुआ है। मकान के आगे नवीन परती की आरक्षित भूमि खाली पड़ी हुई है। जिसका उपयोग गांव के कई लोगों द्वारा वर्षों से रास्ते के रूप में किया जा रहा है। हमारे घर तक पहुंचने का यही एकमात्र रास्ता है। जिस पर पड़ोस गांव मदार नगर निवासी अरमान पुत्र बांके व आमिर सैयद पुत्र निरहू ने जबरन कब्जा कर रास्ते को बांस बल्ली व कटीला तार लगाकर बंद कर दिया है। शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर विपक्षी से सरकारी भूमि व रास्ते से अतिक्रमण हटाने को कहा। लेकिन विपक्षी अपनी दबंगई पर आमादा है और पुलिस की बात भी नहीं मान रहा है। पीड़ित ने कहा कि मामले में सीएम पोर्टल व डीएम गोंडा को स्पीड पोस्ट के माध्यम से शिकायती पत्र भेज कर सरकारी भूमि व आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने एवं दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
