वजीरगंज (गोंडा) युगनव टाइम्स लाइव /थाना क्षेत्र के ढोढियापारा के राजासगरा ( ढोढ़ियापारा ) निवासिनी महिला से बैंक से ऋण दिलाने के नाम पर 9लाख की ठगी की गई है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पीड़िता सुमन सिंह के अनुसार भारतीय स्टेट बैंक वजीरगंज में उसका खाता है। थानाक्षेत्र उमरी बेगमगंज निवासी लवकुश सिंह, आनंद सिंह,आशीष सिंह व शिवम सिंह ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताकर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 50 हजार रुपये का ऋण दिलाने की पेशकश की। वादिनी ने विश्वास कर उनके द्वारा बताए गए अभिलेखों पर हस्ताक्षर कर दिया। जिसका दुर्पयोग कर उपरोक्त आरोपियों ने बैंक से चेकबुक व एटीएम ले लिए तथा धोखाधड़ी करते हुए हस्ताक्षर कराकर उसके खाते से 9.73 लाख रुपये निकाल लिए। वरिष्ठ उपनिरीक्षक राम भवन पासवान ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल धोखाधड़ी के इन तत्वों की गहराई से जांच होने पर कुछ और भी खुलासा होने की संभावना है।