आशीष तिवारी
नवाबगंज (गोंडा) युगनव टाइम्स लाइव/इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल नवाबगंज में वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के दौरान बच्चों ने इंद्रधनुष के रंग की छटा बिखेरी। छात्रों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रबंधक नेहा सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने समूह गीत, समूह नृत्य, हिंदी और अंग्रेजी नाट्य मंचन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। इस अवसर पर अपने अभिवादन में मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा प्रदर्शित नैतिक मूल्यों, आदर्शों एवं समसामयिक विषयों की सराहना की। प्रधानाचार्य डा. मधु मिश्रा ने बच्चों के नैतिक मूल्यों को विकसित करने में माता – पिता एवं शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के समापन पर छात्रों ने नमामि हो एवं गिटार वादन प्रस्तुत किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।