आशीष तिवारी नवाबगंज (गोण्डा) युगनव टाइम्स लाइव / थाना क्षेत्र के दुल्लापुर गांव में शनिवार की रात डम्फर में एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर जा घुसी। जिससे बोलेरो गाडी में सवार 02 सगे भाई काल का ग्रास बन गये और 02 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक भाईयों रंजीत सिंह उम्र 45 वर्ष, गोविंद सिंह उम्र 30 वर्ष पुत्रगण सीताराम मूल निवासी बबुरहिया घांचा थाना तरबगंज के सगे भाई लल्लू सिंह ने बताया कि बोलेरो में सवार सभी लोग थाना क्षेत्र के तुरकौली गाँव में एक निमंत्रण में जा रहे थे। रास्ते में दुल्लापुर गांव में पूर्व प्रधान रामअचल निषाद के घर के पास अयोध्या की ओर से आ रहे डम्फर से बोलेरो गाड़ी जा टकराई। जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई साथ ही गाड़ी में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अयोध्या के श्रीराम अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रेफर कर दिया जिसके बाद परिजन घायलों को लेकर अयोध्या के एक निजी अस्पताल में ले गए जंहा चिकित्सक ने रंजीत और गोविंद को मृत घोषित कर दिया। घायल पिंटू उम्र 19 वर्ष पुत्र लल्लू निवासी बल्लीपुर थाना नवाबगंज और एक अन्य घायल नाम-पता अज्ञात का इलाज जारी है।मृतकों का पोस्टमार्टम अयोध्या में कराया जा रहा है।प्रभारी निरीक्षक करूणाकर पांडे ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी है घायलों को उपचार के लिए श्रीराम अस्पताल अयोध्या भेज दिया गया था। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।