सोनार समाज ने भरी हुंकार, ‘वोट हमारा तो हिस्सेदारी भी हमारी’
1 min read
145,265 views
वाराणसी। चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में रविवार को आयोजित सोनार महासमागम में स्वर्णकार समाज ने सामाजिक एकता, अधिकार, सुरक्षा और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के करीब 35 जिलों सहित अन्य स्थानों से समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
महासमागम में वक्ताओं ने राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आगामी चुनावों में जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी की मांग की।
समागम में उत्तर प्रदेश में स्वर्ण कला बोर्ड के गठन की मांग प्रमुखता से उठी। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्णकार समाज पारंपरिक स्वर्ण कला और हस्तकला से जुड़ा है।
स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान के राष्ट्रीय चेयरमैन रवि सर्राफ ने समाज को एक सूत्र में जोड़ने के लिए प्रदेश के करीब 35 जिलों में संपर्क अभियान चलाए जाने की जानकारी दी।
समागम में सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने लूट, चोरी, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा कारोबारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग रखी। बीएनएस की धारा 317 से जुड़ी समस्याओं के समाधान और पारंपरिक गिरवी कारोबार के लिए पुरानी साहूकारी लाइसेंस व्यवस्था बहाल करने की मांग भी सामने आई।
वैष्णवी विश्व मातृशक्ति संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूबी सोनी ने संगठन और मातृशक्ति की भागीदारी पर दिया जोर
अयोध्या से पहुंचीं रूबी सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की मजबूती केवल संख्या से नहीं, बल्कि संगठन, एकता और आपसी सहयोग से होती है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, कारीगरों और व्यापारियों को संगठन से जोड़ने तथा शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
स्वर्णकार भारतीय सेवा संस्थान की प्रदेश अध्यक्ष सरिता सार्राफ ने कहा कि समाज की मातृशक्ति को भी सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिलों से आई महिलाओं और समाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता एकजुटता का संदेश देती है। समाज के हित से जुड़े मुद्दों को संगठित तरीके से सामने रखने और आपसी संवाद को मजबूत करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्ण नारायण सोनी ने की। स्वागत भाषण एवं संचालन रवि सर्राफ ने किया, जबकि कार्यक्रम में सरिता सर्राफ के नेतृत्व मे बहराइच से कमला सोनी पूरी टीम के साथ, बलिया से मीना वर्मा, नोएडा से तृप्ति सेठ,अयोध्या से रूबी सोनी,मऊ से नीलम सर्राफ, आरती सेठ ,किरण सेठ विभा, प्रेमा सेठ, मीनाक्षी,रीता वर्मा,क्षमा वर्मा,रंजीत,सृष्टि,बेबी सोनी पूरी महिला टीम हर जनपद से उपस्थित रही,ईश्वर दयाल सिंह सेठ, राघवेंद्र सिंह चौहान, अरविन्द सोनी सहित विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
