पूर्वोत्तर रेलवे परामर्शदात्री समिति की बैठक में गूँजी देवीपाटन मंडल की आवाज, सदस्य पंकज श्रीवास्तव ने रखीं अहम माँगें
1 min read
262,149 views
पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति की बैठक गोरखपुर में समिति के सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव ने गोंडा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती सहित देवीपाटन मंडल के यात्रियों की समस्याओं और लंबित मांगों को महाप्रबंधक (GM) उदय बोरवणकर तथा जोनल अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया।
प्रमुख माँगें और सुझाव:
-
गोंडा-प्रयागराज इंटरसिटी: श्रद्धालुओं और आम यात्रियों की सुविधा के लिए गोंडा से प्रयागराज तथा प्रयागराज से गोंडा के बीच शीघ्र इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की माँग की गई।
-
इटियाथोक स्टेशन पर ठहराव: गोंडा-गोरखपुर मार्ग पर चलने वाली ट्रेन संख्या 15070/15069 इंटरसिटी एक्सप्रेस का इटियाथोक रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया, ताकि स्थानीय छात्रों, व्यापारियों व यात्रियों को राहत मिल सके।
-
बनगाई स्टेशन पर ठहराव व समय-सारणी में बदलाव: गोंडा-बहराइच रेल मार्ग पर स्थित बनगाई रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव के साथ-साथ वर्तमान समय-सारणी में जनसुविधा के अनुसार आवश्यक संशोधन की माँग की गई।
-
गोंडा जंक्शन पर वाशिंग पिट लाइन: गोंडा जंक्शन को आदर्श टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करने और गोंडा से ही नई ट्रेनों का संचालन व बेहतर रखरखाव संभव बनाने के लिए वाशिंग पिट लाइन निर्माण की बात रखी गई।
-
नई दिल्ली-गोरखपुर वंदे भारत/राजधानी: पूर्वांचल को सीधे देश की राजधानी से जोड़ने के लिए नई दिल्ली से गोरखपुर (वाया गोंडा) तथा गोरखपुर से नई दिल्ली (वाया गोंडा) वंदे भारत या राजधानी जैसी अत्याधुनिक सुपरफास्ट ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा गया।
-
रेलवे भूमि से अवैध कब्जा हटाना: गोंडा व देवीपाटन मंडल के मुख्य रेलवे स्टेशनों की खाली पड़ी जमीन और रेलवे कॉलोनियों से अवैध अतिक्रमण हटाकर वहाँ रेलवे कर्मचारियों व आश्रितों के लिए आधुनिक आवासीय व व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने का सुझाव दिया गया।

महाप्रबंधक का आश्वासन:
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सभी जनहितकारी मुद्दों को सुनने के बाद इन सुझावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और त्वरित व सकारात्मक निस्तारण हेतु संबंधित जोनल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
