सांसद अवधेश का बेटे अजीत को योगी आदित्यनाथ के सामने चुनाव लड़ने को लेकर यू टर्न
1 min read7,633 views
अयोध्या : सांसद अवधेश प्रसाद ने 24 घंटे में पुत्र अजीत प्रसाद 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने चुनाव लड़ाने को लेकर यू टर्न ले लिया। सांसद ने कहा अजीत को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने चुनाव लड़ने का निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को करना है। रविवार को इनायत नगर के पांच नंबर नलकूप के पास आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद ने यह कहा था। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी व उनके पुत्र अजीत प्रसाद की लंबे अंतर से भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान से पराजय के बाद कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए सांसद ने बुलाया था।
सोमवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ से प्रकाशित सभी प्रमुख समाचार पत्र दैनिक जागरण, अमर उजाला व हिंदुस्तान ने योगी के सामने अजीत प्रसाद को लड़ाने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो सांसद के स्वर बदल गए। बोले, उनका कहने का मतलब यह रहा कि मिल्कीपुर विधानसभा सीट से 2027 में अजीत प्रसाद चुनाव लड़ेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अगर चाहेंगे तो वह मिल्कीपुर विधानसभा सीट के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने भी चुनाव लड़ाने को तैयार हैं। यह निर्णय लेने का क्षेत्राधिकार राष्ट्रीय अध्यक्ष का है।
