सपा नेता जय सेन सिंह को पुलिस ने किया नजरबंद, पैदल मार्च से पहले आवास पर भारी फोर्स तैनात
1 min read
861 views
गोंडा। जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित पैदल मार्च और धरना-प्रदर्शन से पहले प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव जय सेन सिंह ने आरोप लगाया है कि पुलिस-प्रशासन ने उन्हें रात से ही उनके पैतृक आवास ग्राम पटीठ में नजरबंद कर दिया है। घर के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, जिससे वे विरोध प्रदर्शन में शामिल न हो सकें।
सपा नेता जय सेन सिंह ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार विपक्ष और जनता के आक्रोश से डरी हुई है। उन्होंने कहा, “जिला मुख्यालय पर होने वाले शांतिपूर्ण पैदल मार्च और धरने से घबराकर सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। बीती रात 9 बजे से ही मेरे आवास पर पुलिस तैनात कर मुझे घर के अंदर नजरबंद कर दिया गया है।”
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन जनता का संवैधानिक अधिकार है। सरकार चाहे जितनी दमनकारी नीतियां अपना ले, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनता के हौसलों को नहीं तोड़ा जा सकता। हक और न्याय की यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
सपा नेता की नजरबंदी के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है, वहीं प्रशासन पूरे मामले पर शांति व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देकर नजर बनाए हुए है।
